मनोज सकल दिगंबर जैन समिति के अध्यक्ष चुने गए
रामपुर मनिहारान। सकल दिगंबर जैन समिति के चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मनोज जैन ने अपने प्रतिद्वंदी पुष्पेंद्र जैन को 36 मतों से हरा कर जीत दर्ज की है। महामंत्री पद पर संजय जैन ने अनिल जैन को 34 मतों से शिकस्त दी। रविवार को मेन बाजार स्थित त्यागी भवन में सकल दिगंबर जैन समिति के चुनाव में अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए मतदान हुआ।
अध्यक्ष पद के लिए मनोज जैन और पुष्पेंद्र जैन, महामंत्री पद के लिए संजय जैन और अनिल जैन के बीच मतदान हुआ। कुल 113 मतो में 110 मत डाले गए। दोपहर दो बजे हुई मतगणना में मनोज जैन को 72 मत मिले जबकि पुष्पेंद जैन को 36 मत प्राप्त हुए। महामंत्री पद पर संजय जैन उर्फ झंडू को 71 और अनिल जैन को 37 मत मिले।
मतगणना वयोवृद्ध समाजसेवी कौशल प्रसाद जैन, रमेश कुमार जैन, संतोष कुमार जैन, श्यामलाल जैन की देखरेख में संपन्न हुई। बता दें कि अब तक के इतिहास में जैन समाज में कभी समिति का चुनाव मत के आधार पर नहीं हुआ। इस बार समाज के बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने सर्वसम्मति का काफी प्रयास किया। मगर सफल नहीं हो सके। युवा विंग इस बात को लेकर उत्साहित था कि समिति का चुनाव मत के आधार पर ही किया जाए। अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए मनोज जैन व महामंत्री संजय जैन ने समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। बाद में दोनों निर्वाचित पदाधिकारियों को चुनाव अधिकारियों ने निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर निपुण जैन, अभिषेक जैन, प्रदीप जैन, प्रधानाचार्य विकास जैन, विनित जैन के अलाव समाज के लोग मौजूद रहे।