प्रधान ने सीएम से भेंट कर दिया गांव आने का न्यौता
गागलहेड़ी। ग्राम पंचायत उग्राहु की प्रधान ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर गांव के प्राथमिक विद्यालय को कान्वेंट स्कूल की तर्ज पर संचालित करने की जानकारी देते हुए उनसे गांव पहुंच कर स्कूल के निरीक्षण का अनुरोध किया है।
शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर योगी आदित्यनाथ से मिली ग्राम प्रधान राजबाला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने अपने गांव के प्राथमिक स्कूल को कान्वेंट स्कूल की तर्ज पर मोडिफाई कर दिया है। प्राथमिक विद्यालय के भवन को आकर्षक बनाने के साथ ही फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। स्कूल भवन में सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए बायोमैट्रिक मशीन व सीसीटीवी कैमरे ग्राम पंचायत द्वारा लगाये गये हैं। उन्होंने प्रधान बनने के साथ ही संकल्प लिया था कि पंचायत में सामान्य विकास कार्यों के साथ गांव के प्राथमिक विद्यालय की दिशा व दशा को सुधारा जाएगा। ताकि अपने गांव के बच्चे कान्वेंट स्कूल की शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने योगी आदित्यनाथ से भविष्य में सहारनपुर दौरे के दौरान उनके गांव का भ्रमण कर स्कूल का निरीक्षण करने का अनुरोध किया। प्रधान प्रतिनिधि अरुण प्रताप सिंह राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही वह प्राथमिक विद्यालय उग्राहु का दौरा करेंगे।