गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने पर भाकियू ने जताया रोष
सहारनपुर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल और जिलाधिकारी पीके पांडे को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बिजली के रेट में की गई बढ़ोत्तरी को वापस लिया जाए।
सोमवार को प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार ने कहा कि बजाज, नानौता और सरसावा शुगर मिलों द्वारा समय से गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किए जाने से किसान अपने बच्चों की फीस जमा करने से लेकर अन्य कार्य भी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बन रहे मुजफ्फरनगर-गागलहेडी मार्ग पर ग्राम साधारणसिर, नागल, गागलहेडी पर अंडरपास बनाने की मांग करते हुए कहा कि अंडरपास नहीं होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पडे़गा। जिलाध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने यदि बिजली की दरों में की गई वृद्धि को वापस नहीं लिया तो भाकियू आंदोलन करने को मजबूर हो जाएगी। उन्होंने साधन सहकारी समितियों से क्रेडिट पर खाद उपलब्ध नहीं होने पर रोष जताया। बाद में उन्होंने कमिश्नर और डीएम को ज्ञापन सौंपा। मुकेश तोमर, अशोक कुमार, प्रदीप ठाकुर, रघुवीर सिंह, सोहनवीर, केहर सिंह, मेवाराम, गुड्डू, मनोज, अभय, अनूप सिंह, राजवीर कांबोज, नीटू प्रधान, विकास प्रधान, जगपाल सिंह, संजील, जयपाल प्रधान आदि रहे।