सहारनपुर। नकुड़ तहसील के गांव कुंडा माजरा स्थित जूनियर हाई स्कूल की भूमि पर कब्जा होने का मामला सामने आया है। स्कूल की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग को लेकर गांव के कुछ लोग शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। इससे पहले उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा।
कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण कारी सलीम अहमद ने बताया कि स्कूल की जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है। आरोप है कि कब्जाधारी व्यक्ति स्कूल की जमीन पर गंदगी डालकर प्रदूषण फैला रहा है, जिससे बच्चों की सेहत को खतरा बना हुआ है। मामले को लेकर कई बार नोकझोंक भी हो चुकी है। यदि समय रहते भूमि को कब्जामुक्त नहीं कराया तो बड़ा बवाल भी हो सकता है। इससे पहले उन्होंने बीएसए को ज्ञापन सौंपकर भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की।