नानौता/अंबेहटा (सहारनपुर)। निकाय चुनाव को लेकर जिलाधिकारी और एसएसपी द्वारा नगर के सभी मतदान केन्द्रों और बूथ स्थलों का निरीक्षण करते हुए थानाध्यक्ष को आदर्श आचार संहिता के पालन के दिशा-निर्देश दिए।
जिले में निकाय चुनाव को निर्विघ्न सम्पन्न कराने और आचार संहिता का सही से पालन कराने के लिए जिलाधिकारी पीके पांडे, एसएसपी बबलू कुमार, एसडीएम रामपुर मनिहारान राकेश कुमार गुप्ता ने नगर में पहुंच कर मतदान केन्द्रों तथा बूथ स्थलों का निरीक्षण किया। डीएम और एसएसपी ने थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह को कहा कि नगर पंचायत चुनाव में किसी भी प्रकार से आचार संहिता के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जो भी चुनाव के दौरान मतदाताओं को धनबल व अन्य साधन से वोट खरीदने का प्रयास करते हुए पाया गया उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंबेहटा में भी निकाय चुनाव के मद्देनजर डीएम पीके पांडेय ने मतदान स्थलों का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम सबसे पहले गांधी इंटर कॉलेज पहुंचे। जहां उन्होंने मतदान स्थलों की जानकारी हासिल की और उनका निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। मतदान में गड़बड़ी किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार, कोतवाल यशपाल सिंह, अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार भी रहे।