सहारनपुर। नगर निगम के अधिकारी कुतुबशेर से लेकर रायवाला, गोल कोठी तक अतिक्रमण हटवाने के लिए बुल्डोजर लेकर निकले तो बाजार में हंगामा मच गया। अधिकारियों ने अतिक्रमण हटवाने के साथ-साथ दुकानदारों के चालान काटे। मस्जिद की दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटवाने पर दुकानदारों ने जमकर हंगामा किया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस के चलते उनकी एक नहीं चली।
बृहस्पतिवार को नगर निगम के अधिकारी अतिक्रमण हटवाने के लिए जेसीबी लेकर निकले। एक के बाद एक करके अधिकारियों ने अतिक्रमण हटवाना और चालान काटना शुरू किया तो दुकानदार आक्रोशित हो उठे, लेकिन कुतुबशेर एवं मंडी कोतवाली पुलिस के सामने उनकी एक न चली। हंगामा मस्जिद की दुकानों से बाहर हुए अतिक्रमण को हटाने को लेकर हुआ। मस्जिद की दुकानों के दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उनकी दुकानें मस्जिद की हैं, नगर निगम से उनका कोई वास्ता नहीं हैं। जिस पर अधिकारियों ने निर्धारित सीमा में ही मस्जिद की दुकानों में सामान रखने के लिए कहते हुए उनका अतिक्रमण हटवा दिया। काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस की सख्ती के चलते दुकानदार शांत हो गए। नगर निगम के अधिकारियों ने रायवाला बाजार होते हुए गोल कोठी तक अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान नगर निगम ने चालान करके 59400 रुपये की वसूली भी की। अतिक्रमण हटवाने के दौरान, सहायक अभियंता बिजेंद्र पाल, जेडी सिंह, केशव प्रकाश, सेनेटरी इंस्पेक्टर दीपक कुमार, नीरज भटनागर, सुभाष शामिल रहे।