सहारनपुर। जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष सुशीला सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को 17 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों की प्रारंभिक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर के अधिक से अधिक वाद निस्तारित किए जाने पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में सभी अपर जिला जज, इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारी एवं उनके अधिवक्ता मौजूद रहे। बैठक में मुकदमों से संबंधित वादकारी एवं नोडल रविकांत मौजूद रहे। सचिव सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक बैठक में 40 से अधिक वाद निस्तारण को लेकर सहमति बन गई है। 17 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत में इन मामलों में आदेश कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह समझौते के आधार पर विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण किया जाएगा। कोई पक्षकार अपना वाद आपसी सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित कराना चाहता है तो वह संबंधित न्यायालय में अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करा सकता है।