सहारनपुर। मंत्री जी! हम सभी देवबंद विधान सभा क्षेत्र के गांव जड़ौदा पांडा के किसान हैं। हमारे यहां से होकर गुजरने वाले रजबहे में पिछले 30 साल से पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इसकी वजह से किसानों को सिंचाई करने में परेशानी आ रही है। यह शिकायत शुक्रवार को सहारनपुर पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही के समक्ष किसानों ने रखी।
किसान अरविंद त्यागी, राजेंद्र फौजी, सत्येंद्र, महीपाल सिंह, राकेश प्रधान आदि ने बताया कि क्षेत्र के दर्जनों गांव यमुना में पानी कम होने की वजह से सूखे में चले गए हैं। जल स्तर काफी नीचे चला गया है। इसकी वजह से ट्यूबवेल में पानी नहीं आ रहा है। साथ ही 30 साल से रजबहे में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। ऐसे में किसानों के सामने खेती करना चुनौती बन गया है। किसानों ने लिंक नहर से पानी की व्यवस्था कराने की मांग मंत्री से की। मंत्री से मिलने वालों में साधुराम आर्य, शिव कुमार राणा, कुशलपाल, सतेश समेत अनेक किसान शामिल रहे।
जनपदीय साइकिलिंग ट्रायल में जुटे खिलाड़ी
सहारनपुर। सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट साइकिलिंग एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार को साइकिलिंग का जिला स्तरीय ट्रायल कराया गया। कड़ी स्पर्धा के बीच विकास सैनी, जोगेंद्र कुमार, अनंगपाल, अनुज कुमार और सचिन कुमार का चयन किया गया। सभी खिलाड़ी दस सितंबर को कानपुर में होने वाले राज्य स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। चयन ट्रायल के दौरान एसोसिएशन के सचिव बाबूराम सैनी, डॉ. एके गुप्ता, आरएसओ प्रेम कुमार, उप क्रीड़ा अधिकारी काशीनरेश यादव, सुभाष सैनी, चंद्रपाल, संजय कुमार, सतीश कुमार, रामशरण, जसविंदर, अकरम आदि मौजूद रहे।