रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। खंड विकास अधिकारी ने क्षेत्र के गांव जगरौली में पहुंच कर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। साथ ही स्कूल प्रांगण में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के जर्जर हाल कमरों को भी देखा।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी ने बच्चों की उपस्थिति रजिस्टर, मिड-डे मील, सफाई व्यवस्था की जांच की और अध्यापकों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई से संबंधित जानकारी लेते हुए यह भी पूछा कि किन बच्चों के घर में शौचालय है और किन के घरों में नहीं। उनकी सूची ग्राम प्रधान से बनवाने को कहा गया है। ग्राम प्रधान डा. ब्रजपाल सिंह ने विद्यालय प्रांगण में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के जर्जर कमरों को खंड विकास अधिकारी को दिखाते हुए बताया कि इस विद्यालय के कमरों की जर्जर हालत के बारे में वह तहसील दिवस में भी पत्र दे चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। खंड विकास अधिकारी ने स्कूल के कमरों की जर्जर हालत के बारे में अधिकारियों को अवगत कराने का उन्हें आश्वासन दिया है।