भू-माफिया पर कार्रवाई के लिए सख्त हुए डीएम
सहारनपुर। शासन की प्राथमिकता वाले अभियानों को समय से पूरा करने के लिए डीएम ने सख्त रवैया अख्तियार कर लिया है। उन्होंने ग्राम सभा, शासकीय एवं अन्य भूमि पर अवैध कब्जों पर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
शासन की ओर से ग्राम सभा, शासकीय और अन्य भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ एक मई से अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए सभी जनपदों में एंटी भू-माफिया समितियों का गठन किया गया है। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने जिले के सभी एसडीएम को पत्र लिखकर कहा कि बार बार निर्देश देने के बावजूद अभी तक अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने उपजिलाधिकारियों से भू माफिया को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
चोटी काटने की अफवाहों पर ध्यान ना दें
सहारनपुर। अपर जिलाधिकारी एसके दूबे ने बताया कि अपर पुलिस महानिरीक्षक ने चोटी काटने की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि इस अफवाह को फैलाने वालों के बारे में पुलिस को तत्काल सूचना दी जाए और कानून को अपने हाथ में न लें।