चीनी मिल में अनियमितताओं की जांच की मांग
गंगोह (सहारनपुर)। किसान नेता एवं एग्रीकल्चर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राकेश गुर्जर ने मुख्यमंत्री एवं गन्ना मंत्री को पत्र लिखकर नानौता चीनी मिल के प्रबंधक और मुख्य गन्ना अधिकारी पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
लिखे गए पत्र में उन्होंने बताया कि 16 नवंबर 2016 को उन्होंने आरोपियों द्वारा संविदा कर्मियों के टेंडर में धांधली, उन्हें बैंक खाता खोले बिना पेमेंट करना और ईपीएफ ना काटे जाने की शिकायत करते हुए डीएम से जांच एवं कार्रवाई की मांग की थी। बताया कि अनेकों बार मिल प्रबंधन द्वारा मैली सप्लाई में बिना गेट पास के ट्रैक्टर ट्रालियां पकड़ी गई है। चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्रों के ट्रकों में मिट्टी बताकर 25 से 50 कुंतल तक प्रति ट्रक घटतौली की जा रही है। आरोप लगाया कि गन्ना क्रय केंद्र एवं लोडिंग के नाम पर प्रति वर्ष लाखों रुपयों का गबन किया जा रहा है, जबकि अधिकांश क्रय केंद्रों की फाउंडेशन पूर्ववत निर्मित रहती है। बताया कि उनके निर्माण के फर्जी बिल लगाकर धन की बंदरबांट की जा रही है। इसके अलावा सुविधा शुल्क लेकर तोल लिपिकों का स्थानांतरण किया जा रहा है। शिकायत किए जाने के बावजूद आज तक किसी मामले की जांच नहीं की गई। उन्होंने जांच कराकर दोषी पाए जाने पर भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।