सहारनपुर। होली पर जिले भर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। होलिका दहन से लेकर दुल्हैंडी का त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी थाना क्षेत्रों को कड़ी चौकसी बरतने के लिए कहा गया है। पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात की गई है। हर गांव में कमेटी बनाई गई है।
होली के त्योहार के साथ ही इस बार चुनावी महापर्व भी है। कहीं होली के चक्कर में चुनावी रंग में भंग न पड़ जए, इसको लेकर पुलिस ने होली पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। शहर में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। होलिका दहन वाले स्थानों पर बीट कांस्टेबल से लेकर थाना प्रभारी को नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। गांवों में होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एवं होलिका दहन के लिए समितियों का गठन किया गया है। साथ ही बीट कांस्टेबल को तैनात किया गया है। पुलिस की मोबाइल टीम भी निगरानी के लिए तैनात की गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि होली पर सुरक्षा की व्यवस्था कर दी गई है। पुलिस की हर जगह नजर रहेगी। किसी भी प्रकार से माहौल नहीं बिगड़ने दिया जाएगा। चुनाव आचार संहिता के चलते हुड़दंगियों को टोलियां बनाकर हुड़दंग नहीं करने दिया जाएगा।
आचार संहिता का कहीं उल्लंघन न हो जाए
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि राजनीतिक दलों के नेताओं पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। त्योहार के बहाने किसी को लुभाने का प्रयास न करें। अभी तक कहीं से शिकायत तो नहीं मिली हैं। लेकिन बृहस्पतिवार को सभी जगह नजर रखी जाएगी। कोई भी किसी प्रकार से आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।