एआरओ को दिए चेक प्वाइंट बनाने के निर्देश
सहारनपुर। मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी ने चुनाव के मद्देनजर सभी एआरओ को चेक प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवी पैट का रख-रखाव बेहतर ढंग से होना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी गंभीरता से लेते हुए उसी के अनुरूप कार्य करें। चुनाव कराने में सेक्टर मजिस्ट्रेट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आरओ और एआरओ की बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट भी ईवीएम एवं वीवी पैट को संचालित करना सीख लें। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट का मोबाइल फोन चालू रहना चाहिए। आरओ, एआरओ अपने क्षेत्रों के थाने, ग्राम पंचायत अधिकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, आशा बहुएं, लेखपाल आदि सभी का नंबर भी रखेंगे। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि जनपद में कहीं पर भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए जाएं। उन्होंने सभी एआरओ को ऐसी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए कि कहीं पर भी रिपोल की स्थिति पैदा न हो पाए। जिलाधिकारी ने रेंडमाइजेशन, नामांकन की व्यवस्था, स्वीप योजना, मॉक पोल आदि की भी जानकारी ली। इस दौरान सीडीओ प्रणय सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुश्री शेरी, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, एसपी सिटी विनीत भटनागर एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।