सहारनपुर। रामपुर मनिहारान के ग्राम घाटेड़ा निवासी अनुज की मौत के मामले को लेकर आगरा में तैनात वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर के वायरल हो रहे ऑडियो ने फिर से इस मामले को तूल दे दिया है। असिस्टेंट कमिश्नर ने हाईकोर्ट और मानवाधिकार आयोग में निरीक्षक के खिलाफ अपील किए जाने की चेतावनी दी है।
ग्राम घाटेड़ा निवासी अनुज की मौत के मामले में अनुज और रामपुर मनिहारान के पूर्व थाना प्रभारी के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो पहले वायरल हो चुका है। जिसमेें निरीक्षक द्वारा अनुज को गाली दिए जाने, गोली मारने जैसी बातें कहीं गईं। यह ऑडियो अनुज की मौत से लगभग 15 दिन पूर्व का बताया जा रहा है।
इस बार अनुज के मामले को आगरा में तैनात वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सुनील सत्यम के वायरल हो रहे ऑडियो ने फिर से तूल दे दिया है। वायरल हो रहे ऑडियो में कहा गया है कि पूर्व थानाध्यक्ष ने अनुज को मारने की धमकी दी थी। पूर्व थानाध्यक्ष के मुंह में रामपुर मनिहारान एवं आसपास के इलाकों में बने बड़े मकानों को देखकर पानी आ जाता था। वह गुर्जर बिरादरी से हैं वह कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और 36 महीने में तत्कालीन थानाध्यक्ष को जेल भिजवा कर रहेंगे। इस लड़ाई को वह छुपकर नहीं, बल्कि कानून के दायरे में रहकर लड़ेंगे। ऐसे लोग ही सरकार को बदनाम कर रहे हैं। सभी अधिकारियों और पुलिस को बदनाम कर रहे हैं ऐसे लोग। ऐसे लोगों को सींखचों के पीछे भिजवाया जाएगा। हाईकोर्ट में इसकी लड़ाई लड़ी जाएगी।
इस संबंध में असिस्टेंट कमिश्नर सुनील सत्यम का कहना है कि अनुज के साथ पूर्व थानाध्यक्ष ने बहुत गलत व्यवहार किया था। हो सकता है अनुज ने आत्महत्या की हो, लेकिन उसकी मौत में किसी लड़की का कोई मामला नहीं है। सिर्फ थानाध्यक्ष के कारण ही उसकी मौत हुई है। इस मामले को लेकर वह हाईकोर्ट जाएंगे और मानवाधिकार में भी मामले का रखा जाएगा। शांतिपूर्ण तरीके से कानूनी के तहत पूरी लड़ाई लड़ेंगे।