सहारनपुर। शीत लहर और पाले का प्रकोप जारी है रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य बढ़कर एक डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि तापमान में मामूली वृद्धि होने के बावजूद ठिठुरन कम नहीं हुई है।
रविवार की सुबह भी कोहरा छाया रहा, तो दोपहर में कुछ समय के लिए हल्की धूप भी खिली, लेकिन ठंडी हवाएं परेशानियां पैदा कर रही है। शहर में रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और प्रमुख स्थानों पर लोग ठिठुरते नजर आए। मुजफ्फराबाद स्थित मौसम वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी की वजह से शीत लहर चल रही है। अनुमान है कि अगले कुछ दिन मौसम के मिजाज में इसी तरह बदलाव होता रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि दिन में धूप निकलने पर कोहरा पड़ने की संभावना बढ़ जाती है, जिसका असर रविवार को दिन छिपने के बाद दिखाई भी दिया और कोहरा छाने लगा।
मौसम का असर बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद कड़कड़ाती सर्दी के कारण भी ग्राहकों की आवाजाही कम हुई है। शहर के प्रमुख बाजार नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट, रायवाला, अंबाला रोड, कोर्ट रोड और अन्य बाजारों में भी भीड़ कम रही। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और अन्य स्थानों पर ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। साथ ही घरों में सर्दी से बचाव को लेकर भी लोग खूब उपाय कर रहे हैं।
नए साल पर घना कोहरे के आसार
मुजफ्फराबाद मौसम वेधशाला के प्रभारी उमेश कुमार की मानें, तो मौसम में आ रहे बदलाव से जनवरी के प्रथम सप्ताह में घना कोहरा पड़ने के आसार हैं। यदि बूंदाबांदी हो जाती है, तो ठंड और बढ़ सकती है।