सहारनपुर। मानकमऊ चौराहे के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने साइकिल सवार युवक को कुचल दिया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक समाचार पत्र वितरण का कार्य करता था।
थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव ढकदेई निवासी अजय (21 वर्ष) पुत्र ऋषिपाल का परिवार काफी समय से थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव मानकमऊ नयाबांस में रहता है। ऋषिपाल के अनुसार उसका पुत्र अजय कुमार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे साइकिल से मानकमऊ की तरफ आ रहा था। मानकमऊ चौराहे पर पहुंचते ही सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके बाद अजय को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं लोगों ने आरोपी ट्रक चालक को मौके पर पकड़ लिया, जिसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि अजय अखबार विक्रेता था। सुबह वह अखबार वितरण करने निकला था। अजय के पिता की तरफ से ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।