सहारनपुर। मंडलायुक्त चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि शासन द्वारा तय किए गए राजस्व वसूली के लक्ष्य को प्राप्त किए जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में कमिश्नर ने कर करेत्तर राजस्व टास्क फोर्स, राजस्व कार्य, चकबंदी, आबकारी, परिवहन, वाणिज्यकर, वन विभाग, खनन, स्टांप, कृषि विपणन, नगर विकास, सिंचाई आदि विभागों की समीक्षा की। आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रदेश में मंडल को 18वें नंबर पर आने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को एक्साइज की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग की अलग से समीक्षा की जाएगी।
परिवहन विभाग की समीक्षा में पाया गया कि मंडल प्रदेश में 5वें नंबर पर है। 163 करोड़ लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 145 करोड़ की प्राप्ति हुई है। जबकि वाणिज्य कर द्वारा 64 करोड़ के सापेक्ष 80 करोड़ की राजस्व वसूली कर उपलब्धि हासिल की गई। वन विभाग के अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली हो जाएगी।
मंडलायुक्त ने स्टांप की वसूली में भी सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टांप के तहत जिलेवार कितनी आरसी जारी हुई और कितनी वसूली हुई इसकी रिपोर्ट दी जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित किए गए लक्ष्य को शत प्रतिशत हासिल किया जाए। उन्होंने धान खरीद की समीक्षा करते हुए सभी क्रय एजेंसियों को साफ चेतावनी दी है कि किसानों से शत-प्रतिशत धान खरीदना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी प्रकार की बहानेबाजी नहीं चलेगी। उन्होंने खाद्य विभाग, पीसीएफ, भारतीय खाद्य निगम द्वारा अब तक खरीदे गए धान खरीद की जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसके दूबे, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।