भाकियू डीएम कार्यालय पर धरना देगी
देवबंद। बिजली की बढ़ी दरों को वापस कराने समेत किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन नौ जुलाई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन करेगी।
जनपद में धरने को सफल बनाने के लिए यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मकबरा, दिवालहेड़ी, बीबीपुर, हाशिमपुरा, तलहेड़ी खुर्द, कुरलकी, बाबूपुर नगली आदि गांवों में जनसंपर्क किया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल तहसील अध्यक्ष ईश्वर चंद आर्य ने किसानों से जिला मुख्यालय पर होने वाले प्रदर्शन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के संबंध में एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। उन्होंने सरकार से किसानों के निजी नलकूपों, घरेलू बत्ती, पंखा आदि की दरों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने, बकाया बिलों पर थानों में एफआईआर बंद कराने, गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र कराने तथा किसानों के विभिन्न देयों के बकाया में भूमि नीलामी की प्रक्रिया रोकने की मांग की है। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष विनय कुमार, नगर अध्यक्ष केहर सिंह, विपिन राणा, विनीत त्यागी, सुनील कुमार, नवाब अहमद त्यागी, अरुण कुमार आदि रहे।