सांसद ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
बेहट (सहारनपुर)। सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को बेहट विधानसभा क्षेत्र के रजापुर नौगांवा में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। साथ ही उन्हें दूर कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से जनहित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। पात्रता के अनुरूप इनका लाभ उठाने का प्रयास करें।
जिला उपाध्यक्ष सोनेंद्र राणा ने कहा कि सांसद राघव लखनपाल शर्मा के प्रस्ताव पर क्षेत्र में कई सड़कों पर काम किया गया है। उन्होंने कहा कि बेहट-शाकंभरी देवी मार्ग के फोरलेन बनने की भी उम्मीद है। इस दौरान ठाकुर राजबीर सिंह, सुधीर पंवार, राजेश प्रधान, रामबीर चौहान, रूपचंद चौहान, सुभाष सैनी आदि की मौजूदगी रही।
चौपाल के बाद सांसद मुर्तजापुर गांव पहुंचे। यहां गांव के हरपाल सैनी ने बताया कि गांव में हैंडपंपों से दूषित पानी निकलता है। लेकिन शुद्ध पेयजल की कोई व्यवस्था न होने कारण ग्रामीणों को दूषित पानी ही पीना पड़ रहा है। इससे बीमारियां फैल रही हैं। इस समस्या को दूर कराया जाए। बबलू सैनी, ओमपाल, सुरेंद्र आदि ने नदी पर पुल निर्माण की मांग की। कहा कि बरसात में बाढ़ आने पर वे अपने गांव से बाहर जाते हैं तो लगभग आठ किमी का चक्कर काटना पड़ता है, जबकि बेहट से उनके गांव की दूरी मुश्किल से 500 मीटर है। उनके गांव का संपर्क मार्ग भी कच्चा है। बरसात में रास्ता बंद हो जाता है। बिजली की लाइन जर्जर हो चुकी है। हर समय हादसे का डर बना रहता है। सांसद ने ग्रामीणों को सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर सेवाराम, रुघा सैनी, पवन, देशराज, नीटू सैनी, पोपी, विनोद, सतराम, राजू आदि काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।