ई नेम कृषक श्री से सम्मानित किया
सहारनपुर। भारत सरकार की राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना के तहत बृहस्पतिवार को ई नेम दिवस का आयोजन किया गया। इस योजना में बढ़िया भागीदारी करने वाले व्यापारियों और किसानों को सम्मानित भी किया गया।
बृहस्पतिवार को मंडी समिति सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कपूर एंड संस के ओमप्रकाश और सादिक अहमद, अनवर अहमद फर्म के सादिक अहमद को ई नेम श्री की उपाधि से नवाजा गया। उन्हें प्रशस्तिपत्र और शॉल प्रदान किया गया। इसी प्रकार ई-ट्रेड के माध्यम से अधिक मात्रा में अपनी उपज को बेचने वाले किसान अम्बुल चौधरी निवासी शिवाजी नगर एवं डोली धर्मेंद्र सिंह निवासी ग्राम मांडला जिला सहारनपुर को ई-नेम कृषक श्री की उपाधि का प्रशस्ति पत्र एवं पीले रंग की टी शर्ट और लोगो लगी कैप मंडी सचिव अनिल कुमार ने प्रदान की। मंडी सचिव अनिल कुमार ने व्यापारियों को अधिक से अधिक ई ट्रेडिंग करने और किसानों को ई ट्रेड के माध्यम से अपनी उपज बेचने के लिए प्रोत्साहित किया। विकास कुमार, अजय कुमार, जगपाल सिंह सैनी, राजकुमार सैनी, निशान सिंह सहित व्यापार एसोसिएशन और किसान मौजूद रहे।