वीवी पैट खराब होने से भड़के मतदाता, कई स्थानों पर हंगामा
सहारनपुर। गंगोह और नकुड़ विधानसभा में मतदान के दौरान ईवीएम और वीवी पैट मशीन खराब होने के कारण दिन भर हंगामा चलता रहा। कई जगहों पर वीवी पैट मशीनों में आई खराबी की वजह से मतदान घंटों बाधित रहा, जिससे लोगों का आक्रोश भड़क गया। अधिकतर केन्द्रों पर मतदाताओं ने अधिकारियों का घेराव कर नारेबाजी की। इतना ही नहीं, मशीनों के खराब होने पर शासन और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
सरसावा। डीसी जैन इंटर कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर कुुल 12 बूथ बनाए गए थे, जिनमें से छह बूथों पर वीवी पैट मशीन के बंद होने की वजह से मतदान रुक गया। बूथ नंबर पांच की मशीन बार-बार खराब होने की वजह से मतदाता कतार में लगे धूप में सिक रहे थे। कर्मचारी तुरंत मशीन को ठीक करने में जुट गए, मगर मशीन ठीक नहीं कर सके। करीब आधा घंटा बाद भी मतदान के पुन: शुरू न होने पर मतदाताओं का धैर्य जवाब दे गया। वह नारेबाजी करते हुए थाना सरसावा पहुंचे, जहां पहले से मौजूद एडीएम-एफ विनोद कुमार और एसपी ट्रैफिक विनीत भटनागर का घेराव कर व्यवस्था पर सवाल उठाए। हंगामे के बाद अधिकारियों ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मशीनों की गड़बड़ी को ठीक कराने का प्रयास किया। वरीशा, नसीमा, किश्वर ने प्रशासन पर जान बूझकर मशीनें खराब करने का आरोप लगाया। अभिषेक नगर निवासी बलबीर और सुमित्रा को बिना मतदान किए लौटना पड़ा। सरसावा के ही गांव सलेमपुर में बने मतदान केंद्र के बूथ संख्या 93 और 94 की मशीनें काफी देर तक खराब रहीं। बूथ संख्या 94 की मशीन तीन घंटे बंद रही, जिस लेकर मतदाताओं ने केंद्र के बाहर नाराजगी जाहिर की और प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए। इब्राहिमपुर के सरकारी स्कूल में बने मतदान केंद्र के बूथ संख्या 91 और 92 पर सुबह सात बजे से दस बजे तक मशीनें चार बार बंद हुईं। यहां एक बूथ की मशीन दो घंटे बंद होने की वजह से महिला मतदाता मतदान केंद्र के भीतर ही दरी बिछाकर बैठ गईं। यहां पूर्व प्रधान समेत अनेक लोगों ने हंगामा किया और प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
------------------
नकुड़। क्षेत्र के अनेक मतदान केंद्रों पर मशीनें खराब होने की शिकायत मिली, जिसे लेकर मतदाताओं का गुस्सा भड़क उठा। गांव शुक्रताल के प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र के बूथ संख्या 315 की मशीन चार घंटे से अधिक बंद रहीं। इससे नाराज मतदाता कर्ण सिंह, ओमप्रकाश, वीरसेन, नरेश, अमित, सुभाष, मुकेश, नाथी, भोपाल सिंह, चरण सिंह, साहब सिंह, सतबीर आदि ने हंगामा किया। उन्होंने मशीनें खराब होने को शासन और प्रशासन की साजिश करार दिया। बूथ संख्या 309 पर वीवी पैट मशीन खराब होने के कारण मतदान बाधित रहा, जिसकी वजह से मतदाता चिलचिलाती धूप में कतारों में लगे रहे। ज्यादातर लोग बिना वोट डाले लौट गए। कई लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। केएलजीएम इंटर कालेज के बूथ संख्या 297 पर भी बार-बार वीवीपैट मशीन खराब होती रही। मतदाता घंटों तक लाइन में खड़े मशीन ठीक होने की प्रतीक्षा करते रहे। एक दरोगा की टिप्पणी से नाराज मतदाताओं ने यहां जमकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख अन्य सुरक्षा कर्मियों ने बमुश्किल मतदाताओं को शांत किया। शुक्रताल गांव के बूथ संख्या 315 पर 118 मत पड़ने के बाद वीवीपैट मशीन खराब हो गई। चार बजे तक वीवीपैट ठीक नहीं हो पाई थी। जिसके चलते मतदाताओं में गहरा रोष था। इसी गांव के बूथ संख्या 314 की मशीन भी करीब तीन घंटे तक खराब रही। तिरपड़ी गांव के बूथ संख्या 272 की वीवीपैट मशीन भी घंटों तक खराब रही। खारीबांस, जाफरपुर रनियाली, साहबामाजरा, मल्हामाजरा, टाबर, साल्हापुर , रसूलपुर आदि दर्जनों गांवों के बूथों पर भी वीवीपैट मशीन खराब होने की वजह से मतदाताओं ने नाराजगी जताई। ग्राम प्रधान सोराज सिंह, पूर्व प्रधान कर्णसिंह, चरण सिंह, विजयपाल, महाराज सिंह आदि ने कहा कि प्रशासन भाजपा के दबाव में है। एसडीएम युगराज सिंह ने तो फोन करने पर फोन ही रिसीव नहीं किया।
--------------------
नानौता। क्षेत्र के गांव पांडूखेड़ी में ईवीएम के खराब होने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। गांव भावसी रायपुर, टिकरौल, जैदपुरा, भारी दीनदारपुर, पांडूखेड़ी, भैंसराऊ, खुडाना, देवपुरा, गुडंब, जन्धेड़ी, कमालपुर बकडौली, ओलरा, काशीपुर, नैनपुर सैय्यद, फतेहपुर, लंढौरा, छछरौली सहित नानौता के इस्लामियां इंटर कॉलेज, किसान सेवक इंटर कालेज में विभिन्न बूथों पर ईवीएम व वीवीपैट मशीन खराब होने के कारण काफी देर तक मतदान बाधित रहा। क्षेत्र के दर्जनों गांवों में मशीन खराब होने के चलते ग्रामीणो ने हंगामा कर प्रशासन के प्रति रोष प्रकट किया गया। भनेडा खेमचंद में करीब 40 मिनट मतदान बाधित रहा।
रामपुर मनिहारन में सहजवी के बूथ संख्या 368 और गांव लूंडा के बूथ 338 पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान बाधित रहा। इस्लाम नगर के बूथ 83 और 85 बूथ की ईवीएम खराबी से हंगामा हुआ। गंगोह। क्षेत्र के हीरोज और कोटड़ा गांव के मतदान केन्द्र पर ईवीएम मशीन खराब होने के कारण लोगों को मतदान करने में दिक्कत हुई। समकदूम जहां, गुजरान, छत्ता, विलासपुर बूथ की वीवी पैट मशीन खराब रही। सैय्यादान में 129 और 132 बूथ की मशीनें खराब रहीं। धलापड़ा में दो बूथों पर मशीनें दो से तीन घंटे खराब रही। चिलकाना संवाददाता के मुताबिक पटनी में बूथ 113 पर सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही मशीन खराब हो गई। पठेड़ बूथ 11 पर मशीन खराब हुई। बरथा कायस्थ के बूथ 14 पर और सुल्तानपुर के बूथ 67 पर मशीन खराब होने के कारण मतदाताओं ने हंगामा किया। रघुनाथपुर के बूथ पर 11 बजे के बाद मतदान शुरू हो सका।
अंबेहटा। बूथ नंबर 58 पर एक घंटे और 64 पर 25 मिनट तक ईवीएम बंद रही। ढायकी में दो बूथों पर करीब एक घंटे मतदाताओं को वोट डालने के लिए एक घंटे इंतजार करना पड़ा।
बड़गांव। झबीरन गांव में ईवीएम खराब होने पर काफी देर हंगामा चला। इसके बाद तीन अन्य बूथों की मशीन खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ।