मानदेय न मिलने पर कर्मचारियों का हंगामा
नकुड़। कैराना लोकसभा उपचुनाव में रिजर्व ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियों ने मानदेय न देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आरोप लगाया कि खाने-पीने और पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं की गई।
तहसील परिसर में कर्मचारियों ने हंगामा किया। कर्मचारी प्रवीण शर्मा, अनिल कुमार, अनुज कुमार, राधा, कुसुमलता, रेणु, नाथीराम सैनी, सुशील कुमार, जूर अहमद, मौसम सिंह, रामशरण सैनी अनिता ने बताया कि वे रविवार शाम से ही तहसील मुख्यालय पर आ गए थे। सोमवार की शाम चुनाव ड्यूटी खत्म होने पर उन्हे बिना मानदेय दिए ही ड्यूटी से रिलीव करने के पत्र पर हस्ताक्षर करवा लिए। जब उन्होंने एसडीएम युगराज सिंह से बात की तो उन्होंने मानदेय देने से साफ मना कर दिया। सूचना पर सीडीओ संजीव रंजन तहसील पहुंचकर कर्मचारियों को शांत मानदेय दिलवाने का आश्वासन दिया, लेकिन कर्मचारी संतुष्ट नहीं हुए। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि खाने-पीने, पानी और शौचालय आदि की व्यवस्था भी नहीं की गई। वे भूखे प्यासे तहसील मुख्यालय पर पड़े रहे। अब उन्हें मानदेय देने से भी मना कर दिया गया। चेतावनी दी कि अगर मानदेय नहीं मिला तो भविष्य में चुनाव ड्यूटी का बहिष्कार करेंगे। उधर, एसडीएम ने मामला जानकारी में होने से इंकार कर दिया। सीडीओ संजीव रंजन ने बताया कि उनकी कर्मचारियों से बात हो गयी है, जब पैसा आयेगा तो उन्हें दे दिया जायेगा।