सहारनपुर। मंडलायुक्त चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि महानगर का विकास और सौंदर्यकरण योजनाबद्ध तरीके से होना चाहिए। चौराहों को चिह्नित करके उनका सौंदर्यकरण जल्द ही शुरू कराया जाए। उन्होंने नगरायुक्त गौरव वर्मा को नगर की साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे लगे बिजली पोल और हैंडपंपों को सुरक्षित स्थानों पर पर शिफ्ट कराया जाए।
शु्क्रवार को मंडलायुक्त ने विश्वकर्मा चौक का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां गंदगी देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए नगरायुक्त को निर्देश दिए कि विश्वकर्मा चौक सहित समस्त शहर की साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कहीं भी गंदगी पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहर के सभी पार्कों की समुचित देखरेख करने पर जोर दिया।
कमिश्नर ने विश्वकर्मा चौक के अंदर और बाहर लगे विद्युत पोल एवं ग्राउंड में लगे हैंडपम्प को हटाकर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वकर्मा चौक के भीतर बुजुर्गों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था कराने पर जोर दिया। विश्वकर्मा समाज के लोगों ने भरोसा दिलाया कि चौक पर एक चौकीदार भी रखा जाएगा जो फव्वारे एवं पेड़ पौधों की देख-रेख करेगा। नगरायुक्त गौरव वर्मा, विकास प्राधिकरण मनोज कुमार और विश्वकर्मा समाज आदि रहे।