तार टूटने से गेहूं की फसल और पापुलर के पेड़ जले
चिलकाना (सहारनपुर)। बिजली कर तार टूटने से दो गांव के चार किसानों की 20 बीघा गेहूं की फसल और करीब 450 पापुलर के पेड़ जल गए।
चिलकाना के गांव अहाड़ी अब्दुल्लापुर निवासी रोशनलाल सैनी के खेत से एचटी लाइन गुजरती है। बिजली का तार टूटकर गेहूं के खेत में गिर गया। इससे पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने खुद ही आग पर काबू पाया। इसके अलावा पीपली दरियापुर हरियाणा की सीमा पर स्थित है। यहां से हरियाणा की बिजली लाइन गुजरती है। यहां एचटी लाइन का बिजली का तार टूटकर मुल्कीराम, बिरम तथा बिशंबर के खेत में गिर गया। इससे गेहूं की फसल में आग लग गई। खेत में गेहूं के साथ पापुलर के पेड़ भी खड़े थे। आग लगने से मुल्कीराम की आठ बीघा गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा। इसके साथ ही 250 पापुलर के पेड़, बिरम के खेत में छह बीघा गेहूं तथा 80 पेड़ पापुलर तथा बिशंभर की ढाई बीघा गेहूं की फसल और 125 पापुलर के पेड़ जल गए। ग्रामीणाें ने जर्जर तारों की स्थिति पर विद्युत निगम के खिलाफ रोष जताया और मुआवजे की मांग की।