युवक ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग, मौत
सरसावा। शाहजहांपुर रेलवे फाटक से गुजर रही मालगाड़ी के सामने युवक ने छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, जिसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला। युवक की पहचान शामली जिले के गांव लुहारी निवासी अमित शर्मा के रूप में हुई है।
शनिवार की शाम करीब सवा छह बजे यमुनानगर की ओर से मालगाड़ी सहारनपुर की ओर आ रही थी। शाहजहांपुर फाटक बंद होने की वजह से लोग रुके हुए थे। इसी दौरान करीब 32 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन के नीचे आने की वजह से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी लेने पर युवक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें युवक ने अपनी जिंदगी से परेशान होकर आत्म हत्या कर रहा हूं। जेब से मिले अन्य कागजों की वजह से पुलिस ने युवक की शिनाख्त अमित शर्मा के रूप में की है, जो शामली के गांव लुहारी का रहने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार युवक का पिता शाहजहांपुर के आसपास अंबाला रोड पर किसी ढाबे पर मुंशी का काम करता है। पुलिस मृतक के पिता का पता लगाने में जुटी है।