आय में बढ़ोतरी के लिए कार्ययोजना बनाएं नगरीय निकाय : राकेश गर्ग
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश नगर पालिका वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि नगरीय निकाय संस्थाएं अपनी आय में बढ़ोत्तरी करने के लिए कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने नगरीय निकाय संस्थाओं को अपनी संपत्ति को चिह्नित कर कब्जा प्राप्त करने के निर्देश दिए। स्थानीय निकाय संस्थाएं अपने क्षेत्रों के पार्क का सुधार, पानी का रखरखाव और शौचालयों को पीपीपी मॉडल के आधार पर विकसित कराएं। उन्होंने सरकारी संपत्तियों की जानकारी ना देने वाले अधिशासी अधिकारियों को दंडित करने के चेतावनी दी।
बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में नगर निगम, नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के नगर आयुक्त व अधिशासी अधिकारियों की मण्डलीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। राकेश गर्ग ने कहा कि नगर पालिका वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड शहरी विकास के लिए धन उपलब्ध कराता है। धन उन्हीं संस्थानों को उपलब्ध कराया जाता है, जो बेहतर प्रदर्शन करते है और अपनी आय में निरंतर वृद्धि करते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय सभी भवनों को एक यूनीक आईडी/कोड तैयार करा लें। मंडलायुक्त चंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि नगरीय निकाय संस्थाओं को अपनी सुविधाओं को आनलाइन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते इन संस्थाओं ने अपनी आय नहीं बढ़ाई, तो यह इन संस्थाओं के संचालन में धन की कमी हो सकती है।
जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि अधिशासी अधिकारियों के पास अपनी संपत्तियों की जानकारी ना होने से बहुत सारी सम्पत्तियों पर लोगों ने कब्जा किया हुआ है। अधिशासी अधिकारी संपत्तियों के रिकार्ड को दुरुस्त करें। उन्होंने कहा कि आय बढ़ाने के लिए गृहकर का सर्वे कराना भी बेहद जरूरी है। मंडलीय कार्यशाला में नगर पालिका वित्तीय संसाधन विकास बोर्ड के सदस्य शिव शंकर सिंह, शंकर, अपर आयुक्त (प्रशासन) डा. आभा गुप्ता, नगर आयुक्त गौरव वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।