देवबंद (सहारनपुर)। राजस्थान में मुस्लिम युवक की हत्या किए जाने के मामले में देवबंदी उलमा ने रोष व्यक्त किया है। उलमा का कहना है कि साजिश के तहत मुसलमानों को निशाना बनाकर उनकी हत्याएं की जा रही हैं। केंद्र सरकार को चाहिए कि वे इसका संज्ञान ले और राजस्थान सरकार से जवाब तलब करे।
दारुल उलूम फारुकिया के मोहतमिम मौलाना नूरुलहुदा कासमी का कहना है कि राजस्थान में मुस्लिम युवक फैसल को पीट पीटकर मौत के घाट उतार देना पूरी इंसानियत के मुंह पर तमाचा है। आए दिन साजिश के तहत कोई न कोई बहाना बनाकर मुस्लिम नौजवानों की हत्याएं की जा रही हैं और सरकारें खामोशी के साथ बैठी हुई हैं। इससे पूर्व भी एक मुस्लिम नौजवान की झूठे आरोप लगाकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसका आरोपी जेल में बैठा मुसलमानों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल कर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। इससे साफ है कि ऐसे लोगों को पूरा संरक्षण प्राप्त है। केंद्र सरकार को चाहिए कि वे इन घटनाओं को संज्ञान लेते हुए राजस्थान सरकार से जवाब तलब करे। मौलाना सगीर कासमी का कहना है कि पिछले कई वर्षों से देश में मुसलमानों के खिलाफ माहौल बनाया गया है। जिसके चलते मुस्लिम नौजवानों को निशाना बनाया जा रहा है। कभी लव जेहाद तो कभी गोरक्षा के नाम पर उनकी हत्याएं की जा रही है। जबकि जांच से यह साबित हो रहा है कि झूठे आरोप लगाकर उनकी हत्याएं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की जांच होनी चाहिए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लानी चाहिए। ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।