किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य दे सरकार : वर्मा
देवबंद (सहारनपुर)। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि चीनी मिलें गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर रही है। इसके चलते किसान परेशान हैं।
बृहस्पतिवार को सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में बैठक में भगत सिंह वर्मा ने कहा कि गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान न होने के कारण किसान अपने बच्चों की स्कूलों में फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। इतना ही नहीं बैंकों, सहकारी समितियों समेत अन्य संस्थाओं से लिया ऋण भी नहीं चुका पा रहे हैं जबकि किसानों की आरसी काटकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व दिवालहेड़ी के किसान विजेंद्र आर्य की जमीन को नीलाम किया गया। वर्मा ने कहा कि यदि किसानों का उत्पीड़न बंद न किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। अध्यक्षता कर रहे राजेंद्र सिंह मान ने कहा कि जब तक किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य देकर उनकी क्रय शक्ति नहीं बढ़ेगी तब तक देश आर्थिक रूप से मजबूत नहीं होगा। संचालन मोहम्मद आसिम ने किया। इस मौके पर अजीत सिंह प्रधान, केसर आलम, गुलविंदर सिंह, विनोद सैनी, चरण सिंह, असगर अली, बदर आलम, मौ. राशिद आदि रहे।