चीनी मिल पर प्रस्तावित धरने को
व्यापारियों ने दिया समर्थन
नानौता। नगर के गंगोह रोड पर भारतीय किसान संगठन की ओर से आयोजित बैठक में किसान सहकारी चीनी मिल पर मंगलवार को प्रस्तावित धरने को व्यापार मंडल ने भी समर्थन दिया है।
बैठक में संगठन के जिलाध्यक्ष ठाकुर अजब सिंह ने कहा कि चीनी मिल द्वारा गन्ना किसानों का उत्पीड़न किया हुआ है। उसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार द्वारा चुनाव में वायदा किया गया था कि गन्ना किसानों का भुगतान 14 दिन में कराया जाएगा। लेकिन 14 दिन में गन्ना भुगतान तो दूर पिछले सत्र का बकाया करीब 19 करोड़ रुपये भी नहीं दिया गया। इसके चलते क्षेत्र का किसान आर्थिक तंगी से अपना जीवन जीने के लिए मजबूर है।
गन्ना किसानों के पिछले सत्र तथा नए भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को संगठन के नेतृत्व में क्षेत्र के किसानों द्वारा चीनी मिल पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने किसानों से प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। बैठक में व्यापार मंडल के जिला संयोजक राजीव नामदेव ने किसानों के धरना प्रदर्शन को व्यापारियों का समर्थन देते हुए कहा कि गन्ना किसानों का भुगतान नहीं होने के कारण व्यापारी भी भुखमरी की कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि किसानों का भुगतान सरकार को जल्द से जल्द करना चाहिए।
बैठक के दौरान चीनी मिल के पूर्व उपसभापति चौधरी कंवर सिंह, प्रवीण जैन, प्रधान दीन मौहम्मद, जवाहर सिंह, अशोक राणा, हरेंद्र चौधरी, राजकुमार बकडोली, अजीत शर्मा, सतपाल सिंह, ईश्वर सिंह खुडाना, प्रेम सिंह, मनोज, बौद्ध राम शर्मा, नियाज चौधरी, सुरेंद्र सिंह, अशोक, सोनू, रविंद्र, सोमपाल, शिव कुमार राणा आदि रहे।