सहारनपुर। सर्दी ने बिजली को भी करारा झटका दिया है। दो तीन दिन से पड़ रही कड़ाके की सर्दी से बिजली की लाइनों में इतने फाल्ट आ गए कि शहर की बिजली घंटों के लिए गुल हो गई। सुबह से लेकर शाम तक दर्जनों कट लग गए। रविवार को दिन में ही सात-आठ घंटे की अघोषित कटौती कर दी गई।
शनिवार की रात को ही दो घंटे के लिए बिजली की कटौती हो गई। रविवार की फिर कटौती कर दी गई। सप्लाई सुबह पौने दस बजे के बाद ही सुचारु हुई। दोपहर में फिर दो घंटे की कटौती कर दी गई। शाम को भी बिजली के कट कम नहीं हुए। शाम को 5 बजे से फिर बिजली गुल हो गई और रात आठ बजे तक भी सप्लाई सुचारुनहीं हो पाई। जबकि सहारनपुर मख्यालय पर 24 घंटे सप्लाई के आदेश हैं।
सर्दियों से पहले ही की गई मरम्मत
बिजली की लाइनों में लगातार फाल्ट आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कई जगह लोड बढ़ रहा है तो कुछ जगह पर लाइनें कमजोर हैं। जबकि सर्दियों की शुरुआत से पहले हर शहर के सभी बिजलीघरों एवं लाइनों की मरम्मत करा दी गई थी।
कोहरे का लाइनों पर पड़ता है असर
अधीक्षण अभियंता नगरीय आरके सिंह का कहना है कि कोहरे का असर बिजली की लाइनों एवं खंभों पर लगे इंसुलेटर पर पड़ता है। पानी का कंडक्ट बन जाने से फाल्ट आ जाता है। उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह लखनऊ से ही दो घंटे की रोस्टिंग की गई थी। जबकि देहात में रविवार को बिना किसी कट के सप्लाई की गई। जिसके चलते कुछ देर के लिए शहर की सप्लाई को रोका गया।