सहारनपुर। दस साल पुरानी डीजल गाड़ियों पर दिल्ली एवं एनसीआर में रोक लगाए जाने के बाद जिले में भी परिवहन विभाग ने सख्ती कर दी है। एनसीआर से निकाले जा रहे वाहनों को सहारनपुर में नहीं आने दिया जाएगा। सिर्फ सहारनपुर के रहने वाले वाहन मालिक ही वाहनों का पंजीकरण करा सकेंगे।
एनजीटी ने दिल्ली और पूरे एनसीआर में दस साल पुराने डीजल वाहनों पर पाबंदी लगा दी है। वाहनों को जब्त करने के भी आदेश दिए हैं। ऐसे में एनसीआर के सबसे नजदीक सहारनपुर में पुराने वाहनों का लोड बढ़ने की आशंका जताई जाने लगी है, लेकिन सहारनपुर का संभागीय परिवहन विभाग ने पूरी सख्ती करने की तैयारी कर ली है। सहारनपुर में एनसीआर का एक भी वाहन नहीं आने दिया जाएगा। सहारनपुर में किसी भी वाहन का पंजीकरण नहीं होगा। सहारनपुर में रहने वाले वाहन मालिकों के ही पुराने वाहनों के नवीनीकरण की छूट दी जाएगी। ऐसा नहीं होगा कि एनसीआर से बाहर निकाले गए वाहनों को सहारनपुर में चलाए जाने की अनुमति दी जाए। ऐसे वाहनों को सहारनपुर में भी जब्त किया जाएगा।
सिर्फ सहारनपुर के वाहन मालिक ही करा सकेंगे पंजीकरण
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अजीत श्रीवास्तव का कहना है कि एनसीआर से निकाले जा रहे 10 साल पुराने वाहनों को पूर्वांचल के 23 जिलों में चलाए जाने की अनुमति दी गई है। सहारनपुर एनसीआर के बिल्कुल नजदीक है। आने वाले समय में एनसीआर का हिस्सा भी हो सकता है। इसलिए यहां भी एनसीआर के ही नियम लागू हैं। यहां किसी भी बाहरी पुराने वाहन को खरीदने और पंजीकरण की अनुमति नहीं है। छूट सिर्फ इतनी है कि सहारनपुर के वाहनों को बाहर नहीं निकाला जाएगा, यहां के वाहन मालिक ही नवीनीकरण करा सकेंगे।