गंगोह (सहारनपुर)। नियम विरुद्ध चल रहे नगरपालिका के कमेले को बुधवार देर रात प्रशासन द्वारा बंद कराकर सील लगा दी गई है। छापेमारी के दौरान कमेले में अवैध कटान सहित अनेक अनियमितताएं पाई गई थी। कमेले के बाहर से बरामद दो ट्रकों से 91 कटरे बरामद हुए थे, इनमें से दम घुटने के कारण 11 की मौत हो चुकी थी। मृत पशुओं को दफना दिया गया जबकि, बाकी को सुपुर्दगी में दे दिया गया। दोनों ट्रकों को सीज करते हुए मोहल्ला कुरैशियान निवासी तीन लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पकडे़ गए दो आरोपियों का चालान कर दिया गया है। चालू सत्र में उक्त कमेला तीसरी बार सील किया गया है।
बुधवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एसडीएम डीपी सिंह ने पुलिस को जांच के लिए कमेले पर भेजा था। वहां जांच टीम ने तय सीमा से अधिक पशुओं का कटान होता पाया था। वहां एक ही नंबर अनेक पशुओं पर डालकर टीम को चकमा देने का भी प्रयास किया गया। परंतु टीम की पकड़ में मामला आ गया। टीम वहां जांच कर ही रही थी तभी कटडों से भरें दो ट्रक भी वहां पहुंच गए। इसके बाद सूचना पर एसडीएम वहां पहुंचे और उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। उनके निर्देश पर कमेले को सील कर दिया गया। पुलिस मौके से बरामद मांस से लदे कंटेनर एवं ट्रकों को पुलिस कोतवाली ले आई। मौके से पकडे़ गए दो आरोपियों मोहल्ला कुरैशियान निवासी असलम और उस्मान का चालान कर दिया गया। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि जिला पंचायत के कमेला का भी निरीक्षण किया गया था। परंतु जांच के दौरान उक्त कमेला बंद पाया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर आगमन के दौरान स्लाटर हाउसों में अवैध कटान होने का मुद्दा उठाया गया था। मुख्यमंत्री ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को कमेलों की जांच करने और शिकायत सही पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये थे। मुख्यमंत्री के लौटने के बाद भाजपा नेताओं ने डीएम और एसएसपी के अलावा डीआईजी से भी अवैध कटान का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।