रेफर मरीज को निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर छोड़ा
सहारनपुर। जहरीली शराब से लगातार हो रही मौतों के बावजूद एक एंबुलेंस चालक ने बड़ी लापरवाही की। जिस मरीज को मेरठ के लिए रेफर किया गया, एंबुलेंस चालक उसे शहर में ही निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर छोड़कर लौट गया। इसके बाद परिजन दोबारा मरीज को लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। वहां उन्होंने हंगामा किया। इसके बाद मरीज को दोबारा रेफर किया गया।
ताहरपुर निवासी पोपिन की शराब पीने से हालत खराब थी। उसे परिजन शनिवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे थे। पोपिन की हालत को गंभीर मानते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। पोपिन को तुरंत एंबुलेंस में बैठाकर मेरठ के लिए भेजा गया। मगर एंबुलेंस चालक पोपिन को मेरठ ले जाने की बजाय जैन कॉलेज रोड स्थित एक चिकित्सक के क्लीनिक पर छोड़ गए। क्लीनिक पर इलाज नहीं मिलने से परेशान परिजन पोपिन को लेकर दोबारा इमरजेंसी पहुंचे। यहां उन्होंने हंगामा किया। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को समझाकर शांत किया। इसके बाद चिकित्सकों ने पोपिन को दोबारा रेफर किया। इस मामले में सीएमओ डॉक्टर बीएस सोढी का कहना है कि एंबुलेंस का पता लगाकर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।