छावनी बने रहे जिला अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस
सहारनपुर। जहरीली शराब से मौतों के बाद से पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। जिला अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पर पीएसी के जवान तैनात रहे। पुलिस अधिकारी भी शुक्रवार रात से शनिवार शाम तक यहां पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे।
शुक्रवार रात शनिवार शाम तक जिला अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पर ग्रामीणों की भीड़ रही। इसी के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। जिला अस्पताल परिसर और पोस्टमार्टम हाउस पर पीएसी के अलावा पुलिस तैनात रही। जिला अस्पताल में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसके दूबे, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट शेरी, सीओ प्रथम इंदु सिद्धार्थ, थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर सुशील कुमार दुबे, कोतवाली सदर बाजार इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी, कोतवाली मंडी इंस्पेक्टर प्रेमवीर सिंह राणा के अलावा कई उपनिरीक्षक, कांस्टेबल तैनात रहे। इसी तरह पोस्टमार्टम हाउस पर एसपी देहात विद्या सागर मिश्र के अलावा सीओ द्वितीय मुकेश मिश्रा और पुलिस के जवान तैनात रहे। उधर, जिला अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों की भीड़ लगी रही, तो कुछ लोगों ने उचित उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाकर हंगामा भी किया। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाकर शांत किया।