बेहट (सहारनपुर)। मिर्जापुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति का शव विकास नगर हाईवे तथा दूसरे का शेरपुर पेलो रोड पर मिला, जिसकी शनाख्त कासमपुर निवासी के रूप में हुई। इसकी मौत खंभे से बाइक के टकराने से हुई मानी जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कासमपुर पुलिया के पास एक अज्ञात शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव का शनाख्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटनास्थल से शव को पुलिस ने पीएम के लिए भेजा। वहीं दूसरी ओर शेरपुर पेलो रोड से गांव डाडल की ओर जा रहे रास्ते पर शव की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। मौके पर एक बाइक भी पड़ी मिली। तलाशी के दौरान तथा आसपास के राहगीरों से पहचान कराने के बाद कासमपुर निवासी 28 वर्षीय बलदेश पुत्र हुकुम सिंह के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार सोमवार की सुबह वह किसी काम से भागुवाला गांव गया था। देर रात लौटते वक्त इसकी बाइक किसी पोल से टकरा गई। इसके बाद वह घायल अवस्था में रात भर वहीं पड़ा रहा। चोट और ठंड के चलते उसकी मौत हो गई। सुबह इसे राहगीरों ने देखा तो परिजनों को खबर की। परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इंकार किया है। बावजूद इसके पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि अभी तक अज्ञात शव की शनाख्त नहीं हो पाई है तथा उसके किसी अंग पर चोट के निशान आदि भी देखने को नहीं मिला है, जबकि बलदेश की मौत बाइक टकराने के कारण हुई है। परिजन भी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।