सहारनपुर। शहर में दिल्ली रोड स्थित पाइनवुड स्कूल में चल रहे वार्षिकोत्सव का शुक्रवार को रंगारंग समापन हुआ। बच्चों ने विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए, जिसमें हाहाकार नाटक के जरिए बच्चों ने पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं, मेधावी छात्र छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कमिश्नर चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, अशोक कुमार, दीपक अग्रवाल, रीना अग्रवाल, अंकित गुप्ता, सृष्टि अग्रवाल, निदेशिका संतोष गुप्ता और प्रधानाचार्य डाक्टर संजीव जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया। प्रधानाचार्य ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। वर्ष 2017-18 में कक्षा 10 और 12 के टॉपर्स छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में गणेश वंदना, बचपन, स्कूल लाइफ, जीवन परिवर्तन और फ्यूजन नृत्य तथा देशभक्ति और मैश अप गीत प्रस्तुत किए गए। नाटक हाहाकार के माध्यम से पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये समाज को संदेश देने वाले बच्चों की खूब सराहना की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुण्या, सांची, कशिश, मान्या, गौरांगी, चारवी, जतिन और आदित्य ने किया।