लखनौती(सहारनपुर)। शादी समारोह में आए राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने केंद्र और प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी का गुणगान करते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी की सरकार बनेगी ।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव मानपुर कदीम निवासी चौधरी भीष्म सिंह दिल्ली में आईपीएस अधिकारी हैं। शनिवार को उनके बड़े भाई करण सिंह के बेटे प्रशांत चौधरी की शादी का समारोह था। प्रशांत चौधरी यूपी पुलिस में एसआई के पद पर कार्यरत है। शादी समारोह में आए राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने कहा कि उनकी पिछली पार्टी गुंडों की पार्टी थी। भाजपा सर्व समाज की पार्टी है। आगामी लोकसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी की देश में सरकार बनेगी।
इस दौरान उन्होंने राजनीतिक चर्चा करते हुए ग्रामीणों की नब्ज भी टटोली। ग्रामीणों ने बताया कि मोदी के बजाय यहां योगी की ज्यादा चर्चा रहती है। यूपी में बिजली की चमक और गुंडागर्दी की समाप्ति योगी की देन है। शादी समारोह में करीब दो घंटे शिरकत करने के बाद चलते समय उन्होंने प्रशांत चौधरी को आशीर्वाद दिया। भाकियू नेता चौधरी देशपाल सिंह, अरविंद चौधरी, अख्तर खान, चौधरी संतरपाल, चौधरी रणपाल सिंह, चौधरी भूपेंद्र सिंह, राजीव चौधरी, बाबूराम आदि मौजूद रहे।