गंगोह (सहारनपुर)। गांव जानपुर माजरी में बुखार का कहर जारी है। बृहस्पतिवार रात एक और ग्रामीण की बुखार से मौत हो गई, जबकि एक महिला को गंभीर हालत के चलते मुलाना ले जाया गया है। इस मामले में सीएमओ द्वारा भेजी गई जिला अस्पताल के चिकित्सकों की टीम मौत की वजह हार्ट अटैक आना बता रही है, जबकि ग्रामीण बुखार से मौत होनेा बता रहे हैं।
बृहस्पतिवार रात गांव निवासी 65 वर्षीय रमेश शर्मा की बुखार आने के बाद मौत हो गई। रमेश के परिजनों ने बताया कि बुखार के कारण सहारनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां चिकित्सकों ने डेंगू बताते हुए उपचार आरंभ किया था। दो दिन पूर्व हालत में सुधार होने वह गांव लौट आए थे। बृहस्पतिवार रात अचानक उन्हें फिर से बुखार चढ गया। इससे पहले कि परिजन उन्हें उपचार के लिए ले जा पाते उनकी मौत हो गई। इसके अलावा 35 वर्षीया श्यामलता पत्नी कंवरपाल को बुखार की तीव्रता के चलते हायर सेंटर मुलाना ले जाया गया।
बता दें कि गांव जानपुर माजरी निवासी सपा नेता विजेंद्र विश्वकर्मा ने बृहस्पितवार को डीएम को फोन पर गांव में बुखार के कहर से तीन लोगों की मौत की होने की बात बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। डीएम के आदेश पर सीएमओ ने गांव में टीम भेजी थी। टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें दवाइयां वितरित की थीं और रक्त स्लाइडें भी बनाई थीं। इसके बाद बृहस्पतिवार रात एक और मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मच गया। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. शमसेर सिंह के नेतृत्व में गांव में छह सदस्यीय टीम भेजी। टीम ने प्रभावित परिवारों में जाकर डेंगू की पुष्टि के लिए उनकी रिपोर्ट की जांच की। साथ ही डेंगू के लारवा की तलाश भी की गई। पूरे गांव में फॉगिंग के साथ ही एन्टी लार्वा स्प्रे कराया जा रहा है। सीएचसी प्रभारी डा. अनवर अंसारी ने बताया कि टीम ने गांव से डेंगू परीक्षण के लिए पांच लोगों के सैंपल लिए है और 13 लोगों की रक्त स्लाइड बनाई गई है। जांच के बाद पता चलेगा कि बुखार डेंगू है अथवा कोई अन्य। उन्होंने कहा कि मृतक रमेश की मौत बुखार से ना होकर हार्ट अटैक से हुई है।