सहारनपुर। चार संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से चुनावी मंथन करने आए मुख्यमंत्री योगी नाथ ने रविवार को किसानों को साधने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। प्रदेश भर में किसान हितैषी होने का संदेश देने के लिए अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। बाकायदा आंकडे़ जारी कर यह साबित करने की कोशिश की गई कि पूर्व की सरकारों का बकाया गन्ना भुगतान भी भाजपा सरकार ने ही कराया हैं।
भाजपा किसान प्रकोष्ठ की तरफ से आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्मान समारोह में जिले भर से भाजपा से जुड़े किसानों को बुलाया गया था। हालांकि रिसोर्ट के हाल में 600 के करीब कुर्सियां रखी गई थी, लेकिन कई हजार भाजपा समर्थित किसानों के आने के कारण अधिकांश को बाहर बैठकर ही मुख्यमंत्री का भाषण सुनना पड़ा था। मुख्यमंत्री योगी, गन्ना राज्य मंत्री सुरेश राणा और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बार-बार यह जताने की कोशिश कि भाजपा ने किसानों के हित में अनगिनत फैसले लिए हैं। मोदी सरकार से लेकर योगी सरकार द्वारा लिए गए फैसलों को एक-एक बताया गया। यहां तक बकायदा गन्ना भुगतान कराने के लिए दो और एक सप्ताह का समय भी निर्धारित कर दिया गया है। पार्टी नेताओं की पूरी कवायद इस बात पर रही कि छिटक रहे किसानों को पार्टी के समर्थन में खड़ा किया जा सके।