नगर निगम की दुकानों का किराया बढ़ेगा
सहारनपुर। नगर निगम बोर्ड की बैठक सोमवार को अपराह्न तीन बजे सर्किट हाउस सभागार में होगी। इसमें करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे जाएंगे। बैठक में शामिल होने के लिए नगर निगम कार्यकारिणी समिति सदस्यों के साथ ही सभी 70 पार्षदों को सूचना भेजी गई है। प्रमुख प्रस्तावों में नगर निगम के दुकानों का किराया बढ़ाने से लेकर रोडवेज बस अड्डे के लिए पट्टे पर जमीन देने की तैयारी तक शामिल है।
बोर्ड की तीन मार्च 2018 की बैठक में पास किए गए प्रस्ताव संख्या चार से 24 तक को भी पुष्टि के लिए रखा जाएगा। इसके अलावा नए विकास कार्यों के 65 प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। इनमें शहर को हरा भरा बनाने के लिए पौधरोपण, सीसी सड़कों के निर्माण, गृह और जल कर की वसूली, ठेका प्रणाली, कचरा संग्रहण वाहनों के चालकों की भर्ती, नालों और नालियों की सफाई समेत अनेक प्रस्ताव शामिल हैं। तमाम प्रस्ताव 12 जून 2018 को हुई कार्यकारिणी समिति की बैठक में पास हो चुके हैं। बैठक की अध्यक्षता महापौर संजीव वालिया करेंगे। नगरायुक्त और नगर निगम के तमाम अधिकारी मौजूद रहेंगे। सभी 70 पार्षदों को बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया है।
---------------------------------
बैठक में रखे जाने वाले प्रमुख प्रस्ताव
-परिवहन निगम को बस अड्डे के लिए मानकमऊ में पड़ी जमीन को 30 साल के लिए पट्टे पर देना।
-नगर निगम की दुकानों के किराये में 50 फीसदी की बढ़ोत्तरी और नामांतरण शुल्क दस हजार रुपये करना।
-गृह और जल कर वसूली में छूट और ब्याज लगाने की तैयारी।
-शहर को हरा भरा बनाने के लिए 15 हजार पौधे लगाना।
-नाले और नालियों की सफाई के लिए सफाई श्रमिकों की भर्ती आदि।