सहारनपुर। यातायात पुलिस ने छोटे थ्री-व्हीलर में छह सवारियों की बजाए 16 स्कूली बच्चे बैठाने पर पकड़ लिया। अभियान के दूसरे दिन 10 टेंपो समेत 12 वाहनों को सीज किया गया।
शुक्रवार को यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों के खिलाफ कोर्ट रोड पर अभियान चलाया। छोटे थ्रीव्हीलर में भी बच्चों को ठूंस-ठूंस कर ले जाया जा रहा था। जिस थ्री व्हीलर में सिर्फ छह सवारियों की अनुमति होती है, उनमें 16 बच्चों को ले जाया जा रहा था। यातायात पुलिस ने ऐसे 10 टेंपुओं, एक बड़ी स्कूली बस एवं एक मिनी बस को सीज कर दिया। जबकि सात टेंपुओं का चालान कर दिया। यातायात उप निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि वाहनों से 5500 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया है। सूचना उच्चाधिकारियों को भी भेजी जा रही है।