छुटमलपुर (सहारनपुर)। यूपी उत्तराखंड की सीमा पर निर्माणाधीन डाट के पास छुटमलपुर-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की शाम पांच घंटे तक जाम लगा रहा। दस से दस किमी लंबे जाम में हजारों की संख्या में वाहन फंसे रहे। इस दूरी को तय करने में दो से तीन घंटे का वक्त लगा।
डाट मंदिर के पास मशीन फंसने के कारण रविवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दून हाइवे पर जाम लग गया। इसके बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी लाइनें लग गई। देहरादून की तरफ मोहब्बेवाला और छुटमलपुर की तरफ लाल पुल के पास तक जाम में वाहन फंस गए। गर्मी के चलते वाहनों में बैठे बुजुर्गों और बच्चों का हाल बेहाल रहा। 10 किमी की इस दूरी को तय करने में दो से तीन घंटे का समय लगा। जाम की सूचना के बाद यूपी के बिहारीगढ़ थाने और देहरादून के आसारोडी पुलिस चौकी से पुलिसकर्मियों को दौड़ाया गया लेकिन उन्हें जाम खुलवाने में पसीने छुट गए। शाम तक हाइवे पर वाहन रेंग कर ही निकल रहे थे।
दैनिक यात्री उत्तराखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण वक्फ बोर्ड निगम के पूर्व निदेशक मोहम्मद मुजतबा, पूर्व प्रधान इशरान अली, चौ मनोज, ब्रह्मदत्त शर्मा, राजेंद्र सिंह आदि का कहना है कि भारी वाहनों की एंट्री को दिन में प्रतिबंधित किया जाए। बाहर से आने वाले पर्यटकों द्वारा पहाड़ में गलत तरीके से ओवरटेक किया जाता है जो जाम की वजह बनता है। ऐसे में चालकों को भी जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए। साथ ही निर्माणाधीन डाट के निर्माण कार्य को भी तेजी से पूरा कराया जाए। निर्माण कंपनी को निर्माणाधीन डाट के पास से यातायात सुचारु करने के लिए कर्मचारी तैनात करने को निर्देशित किया जाए।