सहारनपुर। नवांगतुक प्रधान महाप्रबंधक अरुण कुमार ने कहा कि बीएसएनएल प्राईवेट ऑपरेटर्स को कड़ी टक्कर देगा। इसके लिए जिले में नए टावर लगाकर नेटवर्क को ओर मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद के पांच ब्लाकों के 308 ग्राम पंचायतों को फाइबर केबिल से जोड़ा जा चुका है जबकि अन्य में भी जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
सोमवार को मिशन कंपाउंड स्थित कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक ने कहा कि जनपद में बीएसएनएल की सेवाओं को ओर गुणवत्तापूर्ण करने के लिए 17 ग्रामीण दूरभाष केंद्रों पर हॉट स्पॉट लगा दिए गए हैं। इनमें बादशाही बाग, मिर्जापुर, मुजफ्फराबाद, माहेश्वरी, गागलहेड़ी, बिहारीगढ़, छुटमलपुर, नागल, गोपाली, रणखंडी, भटेड़ा, जंधेड़ा, बड़गांव, पठेड़, फंदपुरी, तीतरो, और इस्लाम नगर शामिल हैं।
बताया कि कंपनी के दायरे में सभी वर्गों के लोग आते हैं। उन्होंने बताया कि विदेश में जाने पर भी 777 रुपये में सात दिनों के लिए डेटा सर्विस मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए ग्राहक को बीएसएनएल एप को डाउनलोड करना होगा। ग्राहक के पास चाहे किसी भी कंपनी का सिम हो। जल्द ही इस स्कीम को शुरू किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि जिले में करीब पौने नौ करोड़ रुपये बकाया हैं। इन्हें वसूल करने के लिए 50 प्रतिशत छूट की योजना चलाई जा रही है, जो 31 मार्च तक चलेगी। डिप्टी एजीएम सोबरन सिंह, तेजपाल सिंह, नरेश चंद, विजय कुमार, चंद्रवीर सिंह, मांगेराम, अनीत कुमार , एम हसन आदि रहे।