सहारनपुर। स्मार्ट सिटी में पॉलीथिन के इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध के लिए नगर निगम ने कदम उठाना शुरू कर दिया है। शनिवार को नगर निगम की टीम ने बाजारों में जाकर दुकानों से पॉलीथिन जब्त की। इस दौरान टीम को व्यापारियों का विरोध भी झेलना पड़ा।
नगर निगम कई महीने से पॉलीथिन के खिलाफ चेतावनी जारी करता आ रहा है। मगर इसके बावजूद व्यापारी पॉलीथिन के इस्तेमाल से बाज नहीं आ रहे हैं। करीब दस दिन पहले सफाई नायकों को अलग-अलग क्षेत्रों में पॉलीथिन जब्त करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। शनिवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गीताराम के नेतृत्व में नगर निगम की टीम बाजारों में पॉलीथिन जब्त करने पहुंची। कुछ दुकानों से पॉलीथिन जब्त की भी गई, मगर एक जगह पर व्यापारियों ने टीम को घेर लिया और पॉलीथिन जब्त करने की कार्रवाई का विरोध किया। ऐसे में कुछ दुकानों से पॉलीथिन जब्त नहीं की जा सकी। डॉ. गीता राम का कहना है कि पॉलीथिन का इस्तेमाल प्रतिबंधित कर दिया गया है। जल्द ही सख्ती के साथ पॉलीथिन को जब्त किया जाएगा। ऐसे में व्यापारियों को चाहिए कि वह खुद ही पॉलीथिन में सामान खरीदना और देना बंद कर दें।
अवैध होर्डिंग और फ्लैक्स उतारे
नगर निगम की टीम ने शहर में बिजली के खंभों और नगर निगम के पोल आदि पर अवैध रूप से लगे होर्डिंग और फ्लैक्स को उतारने का अभियान तेज कर दिया है। अभी तक नगर निगम इस अभियान को रात में चला रहा था। मगर शनिवार को निगम की टीम ने दिन में ही बड़ी संख्या में अवैध होर्डिंग और फ्लैक्स उतारकर जब्त कर लिए।