नाम परिवर्तन के बढ़े शुल्क ने बढ़ाई दुकानदारों की मुश्किल
सहारनपुर। नगर निगम ने अपनी दुकानों के नाम परिवर्तन का शुल्क बढ़ा दिया है। इससे दुकानदार टेंशन में हैं। दुकानदारों ने अन्य बदलाव पर भी आपत्ति जताते हुए नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बढ़ा शुल्क वापस लेने और अन्य मामलों में भी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
शहर भर में जगह-जगह नगर निगम सहारनपुर की छोटी और बड़ी दुकानें हैं, जिनको बोली के आधार पर आवंटित किया जाता है। अब्दुल हफीज इमारत निवासी मोहम्मद ताबिश ने बताया कि जिनके नाम बोली छूटती है। नगर निगम उनसे दस से 50 हजार रुपये तक सिक्योरिटी वसूलता है, जो दुकान छोड़ने के बाद वापस हो जाती है। साथ ही आवंटियों से वार्षिक किराया वसूला जाता है। यह अभी तक एक हजार रुपये तक होता था। प्रत्येक पांच वर्ष में 12.5 प्रतिशत बढ़ाने का नियम है। बताया कि नगर निगम ने नए नियम लागू किए हैं। दुकान के हस्तांतरण में नाम परिवर्तन के लिए पहले एक हजार रुपये शुल्क था, जिसे बढ़ाकर एक लाख 68 हजार 230 रुपये कर दिया गया है। यानी 117 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है, जो किसी भी दशा में ठीक नहीं है। अन्य कई निर्णय भी दुकानदारों पर थोपे जा रहे हैं, जिनको वापस लिए जाने की जरूरत है। ताबिश ने दुकानदारों के साथ मिलकर नगर निगम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बढ़ा शुल्क वापस लेने की मांग की है।