सहारनपुर। पीटीसी पंजाबी चैनल पर आयोजित हो रहे रियलिटी शो ‘मिस पीटीसी पंजाबी-2017’ के टॉप-20 में जगह बनाकर सहारनपुर की बेटी सलोनी ठकराल ने जनपद का नाम रोशन किया है। बेटी की सफलता से परिवार में भी खुशी का माहौल है। सलोनी के शो जीतने के लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं।
नुमाइश कैंप निवासी सुरेश ठकराल और संतोष ठकराल की बेटी सलोनी ठकराल नोएडा के एक कॉलेज से बीएससी कर रही हैं। वह अभी तक कई फैशन शो और मॉडलिंग में हिस्सा ले चुकी है। इन दिनों वह पीटीसी पंजाबी चैनल के मिस पीटीसी पंजाबी 2017 शो की सबसे दमदार प्रतिभागी के तौर पर नजर आ रही हैं। सलोनी शो के टॉप-20 में जबरदस्त एंट्री पा चुकी हैं। जज की भूमिका निभा रहे तरुण खन्ना, सविता भट्टी और कमलजीत नीरू भी कई बार सलोनी के हुनर की तारीफ कर चुके हैं। शो के लिए सलोनी ने विशेष तौर पर पंजाबी सीखी है, जिसका जिक्र उसने एपिसोड में भी किया है। सलोनी की बहन स्नेहा ठकराल ने बताया कि यह शो सोमवार से बृहस्पतिवार की शाम पौने सात बजे प्रसारित होता है। उन्होंने जनपदवासियों से शो को देखने की अपील की। उम्मीद जताई कि सलोनी शो की विजेता बनकर लौटेगी।