कुंभकर्ण को जगाने के लिए रावण ने भेजी सेना
देवबंद (सहारनपुर)। रामलीला मंचन में बृहस्पतिवार की रात रामलीला भवन के रंगमंच पर लक्ष्मण की मूर्छा वापस आने तथा उसके बाद कुंभकर्ण को जगाकर युद्ध में भेजने की लीला का मंचन किया गया।
श्री विष्णु कला मंडल की रामलीला में दिखाया गया कि जब रावण के बहुत से योद्धा युद्ध में मारे गए तो उसके बाद रावण अपने भाई कुंभकर्ण को जगाने के लिए सैनिक भेजता है। सैनिकों द्वारा बड़ी मुश्किल से कुंभकर्ण को जगाया जाता है। कुंभकर्ण रावण के आग्रह पर युद्ध में जाता है। लेकिन वह भगवान श्रीराम द्वारा युद्ध में मारा जाता है। इसके बाद मेघनाद वध का मार्मिक मंचन भी किया गया। सुधीर भारद्वाज ने कुंभकर्ण का अभिनय किया। इस मौके पर नरेश मित्तल, विजेश कंसल, नितिन गुप्ता, वतन गर्ग, गगन मित्तल, शिवनंदन सिंह आदि रहे। वहीं, आबकारी रोड स्थित श्रीराम जानकी सेवा समिति की रामलीला में लक्ष्मण को मेघनाद द्वारा ब्रह्म शक्ति मारने तथा उसके बाद हनुमान जी द्वारा लाई गई संजीवनी बूटी से सुषेन वैध द्वारा उपचार करने की लीला का मंचन किया गया। इस मौके पर अश्वनी सिंघल, राजकुमार सर्राफ, मंगलू भगत, विवेक तायल, राजपाल सैनी, विजय सिंघल, नरेश शर्मा आदि मौजूद रहे।