बेहट (सहारनपुर)। हैंडपंप से पानी लेने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के लोगों लाठी डंडे लेकर आमने सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। संघर्ष में पांच महिलाओं सहित दस लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
मामला बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव चांडी भाखरोड़ का है। गांव के पास रास्ते के किनारे इंडिया मार्का हैंडपंप लगा है। पिछले तीन दिन से गांव के ही दो पक्षों में इस हैंडपंप से पानी लेने को लेकर कहा सुनी हो रही थी। शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे जहीर पक्ष के लोग हैंडपंप से पानी लेकर अपनी भैंस को पिला रहा था। इसी बीच इरशाद पक्ष के लोग भी वहां आ धमके और जहीर पक्ष को हैंडपंप से भैंस हटाने की बात कही। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले। इसमें हुस्ना पत्नी रासा, नाजिया पत्नी अरशद, रसीला पत्नी मुर्सलीन, फीको पत्नी जहीर, काला व जाबिर पुत्रगण इरशाद तथा इरशाद सहित करीब दस लोग घायल हो गए। इरशाद पक्ष का आरोप है कि पिछले तीन दिन से दूसरे पक्ष के लोग पानी को लेकर झगड़ा करने की फिराक में थे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता चल रही थी।