सहारनपुर। कृषि विभाग द्वारा आत्मा योजनांतर्गत ग्राम मिर्जापुर पुजनेकी में फार्मर फार्म स्कूल प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में संयुक्त कृषि निदेशक डीएस राजपूत ने उपस्थित प्रशिक्षु कृषकों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि ऋणी कृषक संबंधित बैंक के माध्यम से अपनी फसल का बीमा करा सकते है एवं गैर ऋणी कृषक जनसेवा केन्द्र द्वारा फसल बीमा करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि रबी की फसल में गेहूं व मसूर अधि सूचित फसल हैं, इसके लिए 04 प्रतिशत प्रीमियम बीमा कंपनी को दिया जाता है, जिसमें से 2.5 सरकार द्वारा दिया जाता है और कृषक को 1.5 प्रतिशत प्रीमियम देना पड़ता है। साथ ही बताया कि क्षतिपूर्ति हेतु कृषक अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। खरीफ की फसलों का बीमा 31 जुलाई तक कराया जा सकता है। व्यक्तिगत कलेम की स्थिति में 72 घ्ंाटे के अंदर उसकी सूचना टोल फ्री नम्बर 18001232310 पर अथवा बैंक या कृषि विभाग को प्रार्थना-पत्र दिया जाना चाहिए। वहीं, गेहूं व सरसों की फसल की वैज्ञानिक खेती के विषय में जानकारी दी। कृषक कम लागत में अधिक उत्पादन कैसे लें, इसके गुर बताए।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक यशवीर सिंह सैनी ने कृषकों को गर्मी में गहरी जुताई, ट्राइकोडर्मा, ट्राइकोगामा, नीम ऑयल का प्रयोग, पेस्टीसाइडस के प्रयोग एवं अनुदान आदि विषयों पर जानकारी दी। नील गाय से फसल सुरक्षा करने के बारे में बताया। पाले से फसल को बचाने के उपाय जैसे शाम को कूडे़ आदि से मेड़ पर धुआं करने या हल्की सिंचाई करने अथवा गंधक का स्प्रे करने की सलाह दी गई। नरेश कुमार शर्मा द्वारा कृषकों की आय दो गुना करने के कृषि से संबंधित अतिरिक्त स्रोत जैसे बहुफसल पद्धति, फसल चक्र, अंतर्गत फसल अपनाने के लिए प्रेरित किया। नीटू सैनी और सुखबीर सिंह ने गेहूं व सरसों में सिंचाई प्रबंधन, माहू व गेरूई रोग की रोकथाम के बारे में बताया।