सहारनपुर। राजपूत करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी ने कहा कि क्षत्रिय समाज हमेशा देश, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए बलिदान देता आया है। क्षत्रिय राजपूत समाज की जिम्मेदारी है कि वह देश में हर धर्म के महापुरुषों का सम्मान करें।
सोमवार को सहारनपुर आगमन पर लोकेंद्र सिंह कालवी का जोरदार स्वागत किया गया। अंबाला रोड स्थित एक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लोकेंद्र कालवी ने मंडल कार्यकारिणी के अध्यक्षों की घोषणा की। अजय राणा को सहारनपुर जिलाध्यक्ष बनाया गया। जुगनू राणा, प्रशांत पुंडीर ने शब्बीरपुर और चंदपुर के जातीय संघर्ष में जेल भेजे गए राजपूत समाज के लोगों पर लगी रासुका हटाए जाने के लिए प्रशासन से वार्ता को लोकेंद्र सिंह कालवी को प्रार्थना पत्र सौंपा। संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी ने कहा कि राजपूत कभी निर्बल को नहीं सताता है और हमेशा अधर्म के विरुद्ध लड़ता है। आदर्श क्षत्रिय बनने के लिए हमें सभी धर्मों और जातियों को अपने साथ जोड़कर रखना होगा। राजपुताना काल में क्षत्रिय राजा राज्य में रहने वाले वाली सभी जातियों का संरक्षण करते थे। पिछले वर्ष सहारनपुर में हुए जातीय संघर्ष पर उन्होंने अफसोस जाहिर किया। उन्होंने कहा कि दोनों समाज के लोगों को मिलजुलकर मतभेदों को दूर करना होगा। जोनी ठाकुर, फूल सिंह, मोहकम राणा, भीम राणा, मोहर सिंह राणा, सन्नी ढिक्का, रिंकू राणा, काला प्रधान, दुष्यंत राणा, मोंटी राणा, पिंकी राणा, प्रवीण राणा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वेदपाल सिंह और संचालक राज नितिन रावत ने किया।